जिला बार एसोसिएशन के सभागार में रविवार को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के संबंध में जागरूक नागरिकों के बीच चर्चा रखी गई। एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस चर्चा में भाजपा से नेहा धवन, कांग्रेस से डॉ. जोगेंद्र मोर और सीपीआईएम से सुरेंद्र सिंह के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फोरम के संयोजक प्रो. सुरेंद्र कुमार ने संस्था के 1977 में हुए गठन की जानकारी दी।
भाजपा प्रवक्ता नेहा धवन ने पार्टी के संकल्प पत्र के बारे में बताया। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. जोगेंद्र मोर ने पार्टी के न्याय पत्र पर विस्तार से चर्चा की। इसमें आर्थिक और जातीय जनगणना, नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करना, आवेदन शुल्क समाप्त करना, आरटीई में संशोधन करके 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में बदलाव करना, मीडिया के नियंत्रण की समाप्ति विषय शामिल रहे। माकपा से सुरेंद्र सिंह ने पार्टी के घोषणा पत्र के बारे में बताया।
प्रो. प्रमोद गौरी ने वार्ता का निष्कर्ष प्रस्तुत किया व सभी पार्टियों से आह्वान किया कि वह आमजन की आवश्यकताओं और स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के लिए अपनी पार्टी के नेतृत्व को प्रेरित करें। शिक्षा पर जीडीपी का छह प्रतिशत और स्वास्थ्य पर तीन प्रतिशत खर्च करना अति आवश्यक है। इसके बिना भारत के विकास का विचार केवल सपना ही बनकर रह जाएगा।
मंच संचालन प्रो. नरेंद्र चाहर ने किया। इस मौके डॉ. आरएस दहिया, कैप्टन शमशेर मलिक, लाभ सिंह हुड्डा और रोहतक बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट भगत सिंह मलिक माैजूद रहे। अंत में डॉ. आएस दहिया ने पार्टी प्रवक्ताओं, बार एसोसिएशन और मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों का धन्यवाद किया।