रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के छात्रों में प्रतिस्पर्धा व उत्कृष्टता की भावना प्रोत्साहित करने के लिए 12वीं तक प्रोत्साहन राशि देने के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर मेधावी छात्र योजना क्रियान्वित की जा रही है। योजना के तहत कक्षावार आठ हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र प्रार्थी प्रदेश सरकार की ऑनलाइन वेबसाइट सरल हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पर आवेदन पत्र अपलोड कर सकते हैं। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि डॉ. बीआर आंबेडकर मेधावी छात्र योजना का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा के युग में अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति, टपरीवास, घुमंतू एवं पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं को सामान्य श्रेणी के छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनाना है। योजना की पात्रता शर्तों के अनुसार छात्र व छात्रा अनुसूचित जाति, टपरीवास, अर्ध घुमंतु एवं पिछड़े वर्ग, सामान्य से संबंधित व हरियाणा का निवासी हो, परिवार की पारिवारिक आय 4 लाख रुपये वार्षिक से अधिक न हो तथा आधार परीक्षा पास करने के उपरांत अगली कक्षा में दाखिला लेना शामिल है।