रोहतक। एलिवेटेड ट्रैक के विस्थापितों का पांच साल का इंतजार बुधवार सुबह 11 बजे खत्म हो जाएगा। नगर निगम की तरफ से जिला विकास भवन में 36 दुकानदारों के लिए ड्रॉ निकाला जाएगा। इसके बाद राशि जमा जमा करते ही नगर निगम रजिस्ट्री करवाकर दुकानदारों का कब्जा दे देगा। किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस बल के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त रहेगा।
2018 में रेलवे ने प्रदेश सरकार के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन से लेकर राजीव गांधी स्टेडियम तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाया था। इसके लिए गांधी कैंप के 37 से ज्यादा लोगों की दुकानें और मकान तोड़े गए थे। सरकार ने पावर हाउस चौक के नजदीक 112 दुकानें बनाकर दी हैं। प्राथमिकता के आधार पर 37 दुकानदारों को दुकानें आवंटित की जा रही हैं, लेकिन एक दुकानदार अपनी मलकियत के कागजात पेश नहीं कर सका। मुख्यमंत्री की हिदायत के बाद निगम को दिवाली तक दुकानें आवंटित करनी थी, लेकिन रिकॉर्ड दुरुस्त न होने के कारण ऐसा नहीं हो सका। अब 29 नवंबर की तिथि तय की गई है।
एसडीएम, तहसीलदार से लेकर दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहेंगे
ड्रॉ के दौरान जिला विकास भवन में एसडीएम राकेश कुमार, तहसीलदार मनोज कुमार से लेकर दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही मेयर मनमोहन गोयल, पार्षद पति अशोक खुराना, दीपू नागपाल व पार्षद राधेश्याम ढल भी मौजूद रहेंगे।
दुकानदारों के पास पहुंचे पत्र, आठ श्रेणियों में बांटी गई हैं दुकानें
निगम की तरफ से सभी 36 दुकानदारों को शुक्रवार को पत्र भेज दिए थे। बताया गया था कि उनके लिए जिला विकास भवन में 29 नवंबर को ड्रॉ निकाला जाएगा। दुकानदार सुरेंद्र बतरा ने बताया कि सभी को पत्र मिल चुका है। वहीं, 112 दुकानों को आठ श्रेणी में बांटा गया है।
बुधवार को 36 दुकानों के लिए ड्रॉॅ निकाला जाएगा। इसकी पूरी तैयारी हो गई है। दो बॉक्स रखे जाएंगे। एक बॉक्स में दुकानों की संख्या नंबर और दूसरे में दुकानदारों के नाम होंगे। किसी बच्चे या बुजुर्ग का अचानक चयन कर पर्ची निकाली जाएगी। उनका मिलान कर श्रेणीवार आवंटन तय हो जाएगा। सुरक्षा के लिए पुलिस बल व ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहेंगे। -विजय सिंह, संयुक्त आयुक्त नगर निगम।