रोहतक। जिले में पारा बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ गई है। बुधवार को बिजली खपत रिकाॅर्ड 90 लाख 13 हजार यूनिट दर्ज की गई। इसी तरह 10 जून को 83 लाख 83 हजार और 11 जून को 88 लाख 94 हजार यूनिट बिजली की खपत दर्ज की जा चुकी है।
शहर में रोजाना दो से तीन घंटे के बिजली कट आम हो चुके हैं। शहर में पारा 46.1 डिग्री तक पहुंच गया है। बिजली खपत बढ़ने का असर बिजली आपूर्ति पर भी दिखाई दे रहा है। शहर में लो वोल्टेज, बिजली कट, फ्यूज उड़ने की शिकायत आम हो चुकी है। कई जगह पर केबल जलने की शिकायतें भी आ रही हैं। बिजली कर्मचारियों को फॉल्ट ठीक करने में समय लग रहा है।
बिजली निगम में हर रोज ऑनलाइन और ऑफलाइन लगभग 300 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ने लगा है। इस वजह से बिजली के कट लग रहे हैं। बिजली कट लगने की वजह से घरों में पानी आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है, जैसे ही पानी आता है बिजली चली जाती है मोटर न चलने की वजह से पानी आपूर्ति भी नहीं हो पाती है।
इन कॉलोनियों में बिजली की समस्या
जनता कॉलोनी, डीएलएफ कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी, शीतल नगर, मस्तनाथ नगर, पाड़ा मोहल्ला, इंदिरा कॉलोनी, रामगोपाल काॅलोनी, जगदीश कॉलोनी, विकास नगर, झंग कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, कमला नगर, प्रेम नगर, सेक्टर-2, सेक्टर-3, नेहरू कॉलोनी, माता दरवाजा, रेलवे रोड तिलक नगर, देव कॉलोनी आदि।
वर्जन
लोग घरों में लोड बढ़ने की जानकारी नहीं देते हैं, जिसकी वजह से बिजली निगम ज्यादा ट्रांसफार्मर नहीं लगाता है। लोग घरों में एक एसी लगाने की जानकारी देकर तीन एसी लगा लेते हैं, जिस वजह से ओवरलोड होने के कारण बिजली कट लगने की समस्या होती है।
-रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम रोहतक