रोहतक। इलेक्ट्रिक बस स्टैंड को बिजली सप्लाई देने के लिए बिजली निगम रोहतक को रेलवे विभाग से नो ड्यूज नहीं मिल पा रहा है। बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर की ओर से दो बार इसके लिए रेलवे को पत्र भी लिखा जा चुका है, लेकिन रेलवे की तरफ से हो रही देरी के कारण यह बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। क्योंकि सेक्टर छह से गुजरने वाली पानीपत रेलवे लाइन के नीचे से बिजली सप्लाई के लिए केबल दबकर आनी है।
बिजली निगम ने इलेक्ट्रिक बस स्टैंड को सप्लाई देने के लिए पूरी तैयारी की हुई है, जबकि कनेक्शन को लेकर फीस से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। निगम को जब तक रेलवे की तरफ से नो ड्यूज नहीं मिल जाता है, वह कनेक्शन नहीं दे सकते हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार उनका कहना है कि नो ड्यूज के लिए पूरी प्रक्रिया होती है। वह प्रक्रिया अभी मुख्यालय से पूरी होनी है। प्रक्रिया अभी पाइपलाइन में है, जल्द ही निगम को नो ड्यूज भी दिया जाएगा, ताकि बिजली कनेक्शन जल्द से जल्द मिल सकें।
बिजली कनेक्शन मिलने के बाद निर्माण कार्य में आएगी तेजी
इलेक्ट्रिक बस स्टैंड को बिजली कनेक्शन मिलने के बाद जल्द शुरू होने वाले निर्माण कार्य में भी तेजी आएगी, क्योंंकि निर्माण कार्य के दौरान बिजली से होने वाले कार्यों में कोई रुकावट नहीं आएगी। बिजली मिलने के बाद बिजली से होने वाले कार्यों के लिए अन्य उपकरणों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
वर्जन
रेलवे को पत्र भी लिखा जा चका है, लेकिन उनकी भी एक प्रक्रिया होती है, जो अभी तक पूरी नहीं हुई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कनेक्शन मिल पाएगा। हमारी तरफ से कनेक्शन के लिए तैयारी पूरी है।
- रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।