फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुजुर्ग किसान की डंडों से पीट कर हत्या, सड़क पर मिला शव

विज्ञापन
घटना स्थल पर पड़ी खाली प्लास्टिक की बोतल और डंडा। विज्ञप्ति
विज्ञापन
रोहतक। खिड़वाली गांव में रविवार की रात को खेत में पानी देने गए 65 साल के किसान ओमप्रकाश उर्फ लीलू की किसी ने रास्ते में ही डंडों से पीट कर हत्या कर दी। शव सोमवार सुबह साढ़े छह बजे खेत के पास सांघी गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर मिला। शव के नजदीक प्लास्टिक की खोली बोतल व एक डंडा मिला है। मृतक के सिर, कान, मुंह व पीठ पर चोट के निशान हैं। मृतक के बेटे ने किसी तरह की रंजिश से इनकार किया है। इस संबंध में सदर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक खिड़वाली गांव के ठोई पाना निवासी नरेश ने दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं और खेतीबाड़ी करते हैं। पिता ओमप्रकाश भी खेतीबाड़ी में सहयोग करते रहे हैं। रविवार रात को उसने पिता को बताया कि खेत में सुबह पांच बजे बिजली आएगी। ट्यूबवेल के पानी को देख लेना। पिता ने कहा कि ठीक है वह चला जाएगा। इसके बाद वह और उसका भाई राकेश अलग-अलग कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह छह बजकर 31 मिनट पर गांव के युवक नवीन का फोन आया। उसने बताया कि आपके पिता का शव ड्रेन नंबर आठ के पास गांव निवासी रत्न के कोठड़े (कमरा) के पास सांघी रोड पर पड़ा हुआ है। उसने पुलिस के हेल्प लाइन नंबर 112 पर कॉल की। साथ ही अपने भाई व अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। उसके पिता के सिर, हाथ व कान पर चोट के निशान थे। शव के पास ही दोनों चप्पल पड़ी हुई थी। साथ ही सिर व हाथ से खून बहा रहा था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता की हत्या की है।
सड़क किनारे चबूतरे पर मिली खाली प्लास्टिक की बोतल व डंडा
सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी अरविंद व एसआई अजय कुमार मौके पर पहुंचे और एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया को बुलाया गया। जांच में सड़क किनारे बने छोटे से चबूतरे पर प्लास्टिक की तीन बोतल, पॉलिथीन व एक डंडा मिला। आशंका है कि किसी ने रात को खेत के कोठड़े पर पार्टी की है। जब बुजुर्ग ओमप्रकाश ने टोका तो उसकी हत्या करके फरार हो गए। क्योंकि मृतक के बेटे नरेश का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है।
विज्ञापन

....
रात दो बजकर 2 मिनट पर निकला था घर से लीलू, सीसीटीवी कैमरे में कैद
मामले की जांच कर ही पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जांच में पता चला कि रात को 2 बजकर 5 मिनट पर घर से हाथ में लाठी व जेब में टॉर्च लेकर खेत की तरफ जा रहे हैं। जबकि उसके बेटे ने कहा कि था कि बिजली सुबह पांच बजे आएगी।
....
खेत से डेढ़ किलोमीटर पहले रास्ते में हुई हत्या
किसान ओमप्रकाश उर्फ लीलू का शव सांघी रोड पर गांव के किसान रत्न के कोठड़े के पास मिला है, जबकि खेत डेढ़ किलोमीटर और आगे है। ऐसे में आशंका है कि किसी ने रास्ते में ही किसान की डंडों से पीटकर हत्या कर दी।
वर्जन
मृतक के बेटे के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। सदर थाने के अलावा सीआईए की टीम भी छानबीन कर रही है। उम्मीद है जल्द वारदात का खुलासा होगा।
- उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक
....
ये केस भी अब तक अनट्रेस
- दो माह पहले हिसार रोड पर सीवर लाइन के अंदर एक महिला व उसके दो बच्चों के शव मिले थे। अब तक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना तो दूर पुलिस शिनाख्त तक नहीं कर सकी है।
- एक साल पहले बोहर गांव के पास नहर के किनारे डेयरी संचालिका सुनीता की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। अब तक पुलिस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है।
- सैनीपुरा में पांच साल पहले एक किशोर की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन अब तक उसकी मौत रहस्य बनी हुई है। स्टेट क्राइम ब्रांच भी हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें