बहादुरगढ़। बादली क्षेत्र से गुजर रही एनसीआर माइनर में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बादली थाना पुलिस ने बुधवार को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल नियमानुसार कार्रवाई की है। मृतक की पहचान 91 वर्षीय राम सिंह निवासी बादली के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार राम सिंह घर से घूमने के लिए निकला था, मगर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। इस संबंध में परिजनों द्वारा बादली थाना में गुमशुदगी की शिकायत दी गई। उसे तलाश किया जा रहा था कि एनसीआर माइनर में शव होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए तो उसकी पहचान राम सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। संवाद