रोहतक। शातिर ठग मालगोदाम रोड पर एक बुजुर्ग महिला की कानों की बालियां ठगकर ले गए, जबकि भिवानी चुंगी पर बाइक सवार युवकों ने एक महिला का मोबाइल फोन झपट लिया। इस संबंध में सिटी व शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में जींद की रामबीर कॉलाेनी निवासी प्रेमवती ने बताया कि वह नौ अगस्त को करीब पौने तीन बजे रोहतक से जींद जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जहां दो अज्ञात युवक पास आए। पता नहीं उन्होंने क्या सुंघाया, उसके बाद कुछ पता नहीं चला। वे उसे मालगोदाम रोड पर ले गए और बोले ताई अपने कानों की बाली उतारकर दे दो। उसने ऐसा ही किया। साथ ही उसे कागजों की गड्डी थमा गए, जिसके ऊपर केवल 10 रुपये का नोट लगा हुआ था। वारदात रेलवे स्टेशन के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आराेपियों को तलाश कर रही है।
पुराने बस स्टैंड की तरफ जा रही थी महिला
वहीं, राजेंद्रा कॉलोनी निवासी पूजा ने शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत दी कि वह वीरवार शाम छह बजे घर से ऑटो में सवार होकर पुराने बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। जब वह भिवानी चुंगी से आगे पुल पर पहुंची तो पीछे से बाइक पर दो युवक आए और झपटा मारकर उसका फोन छीनकर ले गए।