झज्जर। जिले में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। महिला और बच्चों ने होलिका की परिक्रमा कर पूजन किया और परिवार की खुशहाली की मनोकामना की। झज्जर में 15 और बहादुरगढ़ में 30 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। रात को होलिका दहन के साथ ही दुल्हेंडी की धूम शुरू हो गई। हुलियारों की टोली रंग गुलाल उड़ाती हुई निकल गई।
रविवार को पूरा दिन होलिका की पूजा की गई और शाम को होलिका दहन किया गया। शहर के बीकानेर चौक स्थित सरकारी स्कूल के पास, दमदमा मोहल्ला, बेरी गेट, कानूनगो मोहल्ला, बादली रोड स्थित शिवालय मंदिर के पास, माता गेट के पास, हरिपुरा मोहल्ला, वार्ड नंबर-12, वार्ड नंबर-पांच में अलग-अलग स्थानों पर होलिका बनाई गई थी। शाम को होलिका का दहन किया गया। बीकानेर चौक के पास गुर्जर समाज की तरफ होलिका कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बेरी गेट पर पार्षद महावीर गुर्जर की पुत्रवधू ज्योति की तरफ से होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पिछले 50 साल से आयोजन किया जाता है। कानूनगो मोहल्ला में खारी कुई के पास वार्ड वासियों से सामूहिक आयोजन किया गया।