रोहतक। राजीव नगर में पिछले चार दिन से पानी की सप्लाई न आने से आमजन को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। वीरवार को नगर के लोग मजबूर होकर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता तरुण गर्ग से अपनी शिकायत को लेकर मिले। हालांकि अधिकारियों ने शुक्रवार को ही समाधान का आश्वासन दिया है।
राजीव नगर निवासी जयवीर ने कहा कि पिछले चार दिन से पानी न आने से आमजन को बाहर से पानी लेकर आना पड़ रहा है। कुछ घरों में बुजुर्ग महिलाएं भी है, लेकिन सर्दी व कोहरा बढ़ने से उन्हें दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। आस पड़ोस से उन्हें पानी खरीद कर लाना पड़ रहा है। राजीव नगर में आसपास हेडपंप न लगे होने के कारण भी समस्या बनी हुई है। दो से तीन घरों को एक साथ मिलकर पानी का टैंकर मंगवाकर पानी की आपूर्ति पूरी की जा रही है। विभाग को पहले फोन पर भी सूचित किया गया, लेकिन समाधान न होने से ही अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया गया। लेकिन अभी आश्वासन ही दिया गया है। जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।