रटौल (बागपत)। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर सरफाबाद गांव के समीप दो कैंटरों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। एटा के नंगला हरजू गांव का रहने वाला कैंटर चालक राकेश (25) नोएडा की एक कंपनी में गाड़ी चलाता है। शनिवार को राकेश हेल्पर श्यामवीर निवासी बदायूं के साथ हरियाणा के झज्जर में गत्ता उतारकर वापस लौट रहा था। जैसे ही ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर सरफाबाद के जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने पहुंचा तो कैंटर साइड में खड़े कैंटर से भिड़ गया। चालक राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। उधर घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।