संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पिछले 15 दिन से सल्लारा मोहल्ले में पानी न आने से परेशान महिलाएं वीरवार को लघु सचिवालय में खाली मटके लेकर प्रदर्शन करने पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान आंबेडकर चौक पर जाम लगने से एक घंटे तक वाहन चालक फंसे रहे। महिलाएं लघु सचिवालय के पास पहुंचीं तो पुलिसकर्मियों ने अंदर ही घुसने नहीं दिया। बीडीपीओ बाहर आए और जल्द पानी आने के आश्वासन पर महिलाएं घर की तरफ लौटीं।
सल्लारा मोहल्ला निवासी सुषमा, ओकेश, ललिता, लवली, पूजा समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि पानी की पाइप लाइन द्वारा मोहल्ले में पानी की सप्लाई नहीं आती। पार्षद को शिकायत करते हैं तो पार्षद भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा। ऑनलाइन शिकायत के बाद भी विभाग का कोई रिस्पांस न मिलने से लोगों को मजबूरी में प्रदर्शन के लिए आना पड़ा। दूरदराज लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ता है। इससे समय की भी बर्बादी हो रही है। बहुत बार हैंडपंप पर भीड़ अधिक होने के कारण लाइन में लगकर पानी भरना पड़ता है। इससे व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, लेकिन विभाग का कोई भी अधिकारी स्थायी समाधान करवाने को तैयार नहीं है।
पशुओं को भी समय पर नहीं मिल रहा पानी
महिलाओं ने बताया कि घरों में पशु होने से उन्हें दिन में चार समय तो पानी पिलाना पड़ता है। यहीं नहीं आसपास के घरों में 50 से ज्यादा पशु हैं। इनके लिए लोगों को बाइक व साइकिलों पर पानी भरकर लाना पड़ता है। कई बार विभाग पानी के टैंकर तक नहीं भिजवाता। इससे व्यवस्था काफी चरमरा जाती है। लोगों की विभाग से मांग है कि जल्द पानी सप्लाई के लिए स्थायी समाधान किया जाए, नहीं तो विभाग का घेराव करने पर मजबूर होंगे।
महिलाएं लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करने के लिए आई थी, लेकिन उनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। पानी के टैंकर उसी समय भिजवा दिए गए। दोबारा इस तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- राजेश कुमार, एसडीओ जनस्वास्थ्य और अभियांत्रिकी विभाग।