झज्जर। विश्वकर्मा मंदिर मार्ग पर ओवरफ्लो हुए नाले से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जो राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी परेशानी बढ़ा रहा है।
विश्वकर्मा मंदिर मार्ग निवासी संदीप का कहना है कि नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं। नालियों में जमा पॉलीथिन पानी की रुकावट का कारण बन रहा है। सफाई न होने से पानी की निकासी बंद है और सड़क पर पानी भरा हुआ है। मुख्य सड़क होने से यहां से रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है। वहीं, श्रद्धालुओं को विश्वकर्मा मंदिर में गंदे पानी के बीच से होकर जाना पड़ रहा है। यह समस्या पिछले छह महीने से बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सफाई के अभाव में ये नाला गंदगी से अटा पड़ा है। इसमें मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का डर है। इस मार्ग पर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों ने बताया कि यदि नालों की नियमित सफाई होने पर ही इस समस्या का समाधान संभव है। स्थानीय दुकानदारों एवं वार्ड वासियों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है।