रोहतक। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय के भूगोल विभाग की एसोसिएट प्रो. डॉ. सुचेता यादव को इंद्रा स्वप्न स्मृति साहित्य सम्मान से अलंकृत किया गया। कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य उत्सव एवं सम्मान समारोह 2024 में चरखी दादरी की साहित्यिक समिति निर्मला स्मृति साहित्यिक समिति की ओर से दिया गया। डॉ. सुचेता यादव को यह पुरस्कार उनके प्रेरणादायी साहित्य में योगदान और विशेष कर उनकी प्रकाशित पुस्तक ऊंची उड़ान के लिए दिया गया। समारोह में देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ साहित्यकार उपस्थित हुए। प्राचार्य डॉ. लोकेश बलहारा ने बताया कि बचपन से ही दिल में समाहित समाज सेवा व देश सेवा की भावना ने डॉ. सुचेता यादव को एक शिक्षाविद् से एक कवयित्री, लेखिका व मोटिवेशनल स्पीकर बना दिया है। डॉ. अशोक कुमार मंगलेश की ओर से स्थापित समिति ने सम्मान समारोह में देश-विदेश के 51 साहित्यकारों को अलग-अलग विधाओं में अलग-अलग सम्मान से नवाजा। डॉ. सुचेता ने प्राचार्य डॉ. लोकेश बलहारा और सभी साथीगण विभागाध्यक्ष डॉ. सतवीर सिंह, डॉ. अनिल ग्रोवर, डॉ. प्रदीप मलिक, डॉ. उर्मिल सभरवाल, डॉ. सुशील दलाल, प्रेस मीडिया के प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. कुलदीप मलिक, डॉ. अर्चना डॉ. प्रतिभा व अन्य के साथ अपनी खुशियां साझा की।