रोहतक। अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा राज्य कमेटी की बैठक सोमवार को स्थानीय जसबीर स्मारक में हुई। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के आगामी आंदोलन 16 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल ग्रामीण भारत बंद को सफल बनाने की योजना बनाई गई, इसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान बलबीर सिंह ने की। किसान सभा राज्य महासचिव सुमित दलाल ने बताया कि बैठक में किसानों के लंबित मुद्दों जिसमें बकाया बीमा क्लेम, सहकारी बैंकों के लोन पर किसानों से ब्याज न लेने, ओलावृष्टि का ताजा नुकसान और पिछले साल का रबी 2023 का मुआवजा जारी करने, जबरदस्ती भूमि अधिग्रहण करने आदि मुद्दों पर विचार किया गया। एमएसपी पर फसल खरीद की गारंटी का कानून बनने, बिजली संशोधन कानून को रद्द करने किसानों और मजदूरों की कर्जा मुक्ति को लेकर मोर्चा और ट्रेड यूनियनों के देशव्यापी आंदोलन को कामयाब बनाने की योजना बनाई। किसान सभा प्रदेशभर में 16 फरवरी को ग्रामीण बंद और हड़ताल को सफल बनाने के लिए खेत मजदूर, छात्र, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी आदि तबकों से एकता स्थापित करेगी। इसके साथ ही 14 फरवरी को बसंत पंचमी पर चौधरी छोटू राम की जयंती मनाई जाएगी। 10 फरवरी को प्रदेशभर में एक दिवसीय सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।