रोहतक। बंद जुबान को खोल, राधे-राधे बोल, बाबा की शरण में आओ, बाबा करेंगे सब कष्टों का निवारण...भजनों पर भक्त रविवार को झूम उठे। कार्यक्रम का आयोजन पुरानी आईटीआई स्थित मदनलाल धींगड़ा कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि आचार्य महामंडलेश्वर निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज पहुंचे। इसके अलावा केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, विधायक भारत भूषण बतरा, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल सहगल, अश्वनी वशिष्ठ, राजीव, गुलशन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती ने की। बाबा सूखा शाह ने बताया कि हरिद्वार से आए आचार्य स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज का सर्वप्रथम भिवानी चुंगी स्थित आश्रम टिकाणा सत् बाबा सांवल शाह आश्रम में स्वागत किया गया। यहां से वह बाबा प्रेम दास आश्रम डोभ गए और वहां आश्रम का शिलान्यास किया। यहां से भक्तों के साथ संत पुरानी आईटीआई स्थित सत्संग स्थल में पहुंचे। यहां सभी संतों ने भक्तों को धर्म व सनातन धर्म पर एकजुट होकर रहने को कहा। सभी को बताया गया कि हमें अपने धर्म को नहीं छोड़ना चाहिए। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से हम अपनी पीढि़यों को अपने गुरु व धर्म की जानकारी देते हैं। सत्संग में आए भक्तों ने भजनों का रसपान करने के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।