सावन के पहले सोमवार को गोकर्ण डेरे पर रुद्राभिषेक करते महामंडलेश्वर कपिलपुरी। विज्ञप्ति
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्तों ने बम-बम भोले के जयकारों से शिवालयों में रुद्राभिषेक किया और भगवान शिव को फल-फूल, बेलपत्र आदि अर्पित किया। कई स्थानों पर भगवान शिव का गन्ने के रस, दूध, शहद, गंगाजल, घी, इत्र आदि से स्नान कराया। बाबा लक्ष्मणपुरी डेरे पर महामंडलेश्वर कपिलपुरी महाराज व महंत कमलपुरी महाराज ने पारद शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया।
सावन माह के शुरू से अंत तक हर दिन बाबा बालकपुरी डेरा में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इसी के तहत सोमवार को डेरा में पंडित सुरेश वशिष्ठ ने रुद्राभिषेक कराया। वहीं वैश्य संस्था के प्राचीन शिव मंदिर, दुर्गा कॉलोनी स्थित श्री शिशु दुर्गा भवन मंदिर, बजरंग भवन, मॉडल टाउन स्थित गुफा वाला मंदिर, दुर्गा भवन मंदिर आदि स्थानों पर भगवान शिव का भक्तों ने जलाभिषेक किया। वैश्य शिक्षण संस्थान के शिवालय में भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, यहां गंगाजल का इंतजाम किया गया था। सभी भक्तों ने भगवान शिव को गंगाजल से स्नान कराया। प्राचीन शिव मंदिर वैश्य शिक्षण संस्थान के बाहर जलभराव के कारण भक्तों को समस्या हुई। भक्तों को शिवालय तक पहुंचने के लिए अलग रास्तों को चुनना पड़ा।
प्राचीन शिव मंदिर किलोई पर लगी भीड़
सावन के पहले सोमवार पर भक्तों की खासी भीड़ किलोई स्थित प्राचीन शिवालय पर लगी रही। अल सुबह से ही भक्तों की भीड़ भगवान शिव को स्नान कराने के लिए कतार में लगी रही। मंदिर प्रबंधन की ओर से यहां भक्तों के जल चढ़ाने का इंतजाम किया हुआ था।