26jjrp03- खानपुर कलां गांव में लगे मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। फोटो-संवाद
साल्हावास। गांव खानपुर कलां में जन्माष्टमी और गोगा नवमी पर लगने वाला दो दिवसीय मेला सोमवार से शुरू हो गया है। हर बार की तरह इस बार भी मेले में अपार भीड़ देखने को मिली। गोगाजी मंदिर कमेटी के प्रधान रामफल ने बताया कि दो दिवसीय इस मेले का समापन मंगलवार शाम 5 बजे कुश्ती दंगल के साथ होगा।
कुश्ती के लिए पहला इनाम एक लाख रुपये व दूसरी कुश्ती के लिए 51 हजार, तीसरी के लिए 31 हजार व चौथी के लिए 21 हजार व पांचवीं कुश्ती के लिए 11 हजार इनाम घोषित किया गया है। जन्माष्टमी के दिन पुरुष वर्ग की अपेक्षा महिला वर्ग की संख्या ज्यादा रहती है। हालांकि अब महिलाएं दोनों दिन मेले में आने लगी हैं। मंदिर कमेटी ने बताया कि इस बार मेला प्रबंधन कमेटी की तरफ से मंदिर व मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भक्तजन कथा के रूप में गाते और डेरू व सारंगी बजाकर नाचते हैं। अनेक भक्त लोहे के चाबुक से शरीर को पीटकर गोगाजी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। गोगापीर के भक्त गोगापीर छड़ी लेकर इसे रंग बिरंगे कपड़ों, मोर पंखों आदि से सजा कर नाचते व गाते हुए मंदिर पर पहुंचते हैं।