सुपवा के प्राध्यापकों का वेतन व अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन 41वें दिन भी जारी रहा। यूजीसी वेतनमान और सातवें सीपीसी की मांगों के निवारण के लिए चिलचिलाती गर्मी के बावजूद शिक्षक विरोध पर डटे रहे। शिक्षकों ने कहा कि कला विश्वविद्यालय के शिक्षकों को यूजीसी के अनुसार वेतनमान नहीं दिया जा रहा है। सातवें वेतन आयोग के लाभ से भी वंचित रखा जा रहा है। बार-बार मांग पत्र देने के बाद भी तमाम शिक्षक प्रदर्शन के लिए विवश हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार कुलपति और निदेशालय के आदेश की अवहेलना कर रहा है। पिछले साल सितंबर में आए यूजीसी वेतनमान 7वें सीपीसी संबंधी सरकारी आदेश को भी लागू नहीं किया जा रहा है। पिछले 12 साल से वेतन विसंगति को दूर नहीं किया जा रहा है। साथ ही बिना किसी पदोन्नति के शिक्षकों के कॅरिअर को रोक दिया गया है। शिक्षक संघ ने कहा कि विश्वविद्यालय के अधिकारी लेटलतीफी कर रहे हैं तो कुलपति एवं कुलाधिपति इस मामले का संज्ञान लेकर अति शीघ्र शिक्षकों को न्याय दिलवाएं।