रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी आफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स, सुपवा में शिक्षकों का धरना-प्रदर्शन तीसरे तीन भी जारी रहा। सुपवा शिक्षक एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रनील घोष का कहना है कि पिछले साल सितंबर माह में आए वेतनमान संबंधी पत्र को लागू करने में सुपवा प्रशासन को आठ महीने से ज्यादा समय हो गया है। सातवें वेतनमान के मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन लागू नहीं कर रहा है। शिक्षक संघ अपनी मांगों को लेकर रोज गेट मीटिंग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि शिक्षकों को 7वें वेतन आयोग की सुविधाएं एवं पदोन्नत किया जाए। शिक्षकों का कहना है कि पहले भी विश्वविद्यालय प्रशासन को इस मामले में कई बार मौखिक व लिखित रूप में मांग पत्र दिए हैं लेकिन प्रशासन की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। शिक्षकों ने मांगों के हल होने तक प्रदर्शन को जारी रखने का फैसला किया है।