रेवाड़ी। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेन का रूट अचानक बदलने की सूचना से नाराज हुए यात्रियों ने हंगामा किया। यात्री प्रदर्शन करते हुए रेल ट्रैक पर बैठ गए। नाराज यात्रियों ने नारेबाजी की। जीआरपी ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को समझाकर हटाया।
रेलवे की ओर से भगत की कोठी जाने वाली ट्रेन का रूट महेंद्रगढ़ से बदलकर नारनौल की तरफ कर दिया गया था। अचानक हुए इस बदलाव की जानकारी जब यात्रियों को हुई तो वे नाराज हो गए। यात्रियों का कहना था कि उन्हें पहले किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई। ऐसे में काफी परेशानी हुई। अगर पहले से रेलवे की तरफ से सूचना दी गई होती तो वह ट्रेन पकड़ने के लिए नहीं आते। नाराज यात्री नारेबाजी करते हुए रेल ट्रैक पर बैठ गए। इसकी जानकारी होने पर जीआरपी व रेलवे पुलिस के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने यात्रियों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। यात्री विकास मुकेश, राजेश, सुनील ने बताया कि वह ट्रेन पकड़ने के लिए आए थे। मालूम चला की रूट बदल दिया गया है। जीआरपी थाना के प्रभारी ने बताया कि जैसे ही लोगों के ट्रैक जाम करने की सूचना मिली, पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कुछ समय बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को ट्रैक से हटा दिया गया। इससे ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ।