बुलडोजर से हटवाया जा रहा अतिक्रमण । संवाद
रोहतक। गांव समर गोपालपुर व सराय अहमद में जिला नगर योजनाकार की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान यहां 20 एकड़ में काटी गईं दो कॉलोनियों में निर्माण को ढहाया गया है। जिला नगर योजनाकार की ओर से यह अभियान निरतंर चलाया जा रहा है। निर्माण ढहाने के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार व भारी पुलिस बल तैनात रहा।जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने बताया कि गांव समर गोपालपुर व सराय अहमद में 20 एकड़ में बनाए गए 1 निर्माण, 1 बाउंड्री वाॅल, 15 डीपीसी, 20 बिजली के खंभे, आरसीसी रोड नेटवर्क व कच्चे रोड नेटवर्क को तोड़ा गया है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपनी पूंजी को अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। निवेश करने से पहले कॉलोनी की पूर्ण तरीके से जांच जरूर करे।