रोहतक। शास्त्री नगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो वहां चमारिया गांव निवासी निर्मला सड़ा हुआ शव मिला। वह शास्त्री नगर स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। जानकारी के अनुसार, उनका मकान पिछले चार-पांच दिन से बंद था। शुक्रवार को मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो निर्मला मृत अवस्था में मिलीं। शव करीब तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है। शुरुआती तौर पर मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका जताई जा रही है। सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शव को पीजीआई में पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है। संवाद