रोहतक। कहासुनी के चलते आईएमटी में एक कंपनी के सहायक मैनेजर पर तीन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला किया है। घायल बसंतपुर निवासी ब्रिजेश को पीजीआई में दाखिल कराया गया। आईएमटी थाने में कारोर निवासी विकास सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में ब्रिजेश ने बताया कि आईएमटी के प्लाट नंबर 15 में स्थित कंपनी में नौकरी करता है। दो दिन पहले दूसरी कंपनी में काम करने वाला विकास उसे शराब के नशे में मिला और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर कहासुनी हो गई। बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे ब्रेक के चलते कंपनी से बाहर आया तो विकास अपने दो साथियों के साथ बाइक पर आया। आते ही विकास के दो साथियों ने उसे पकड़ लिया, जबकि विकास ने चाकू से पेट पर तीन बार वार किया। उसने बचाव में हाथ अड़ा लिया, जिससे चाकू के वार से हाथ जख्मी हो गया। इसी बीच उसके गांव का लड़का रवि व दो अन्य व्यक्ति आ गए। इसके बार आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कंपनी के मैनेजर राजकुमार व रवि ने उसे पीजीआई में दाखिल कराया। बाद में पता चला है कि विकास के साथ उसके गांव का युवक रवि व प्रवीण थे।