राजीव गांधी खेल परिसर में एक कोच पर हथियारबंद युवकों ने जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। उसकी गाड़ी भी तोड़ डाली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में रुखी निवासी अनिल ने कहा कि वह स्टेडियम में बच्चों को अभ्यास करवाता है। आजादगढ़ में अकादमी भी है। सोमवार शाम छह बजे बच्चों को अभ्यास कराते समय महम के शामनपुट्ठी निवासी राहुल उर्फ मिलक्खा से कहासुनी हुई थी। इसके बाद राहुल ने अपने दोस्त शामण पुट्ठी निवासी अजय, बोहर के मेनवाल पाना निवासी अजय नांदल, हर्ष नांदल, देव, सीसरौली निवासी सोहित, बोहर निवासी रोहित उर्फ फेना व मकड़ौली निवासी सागर व चार-पांच अन्य अज्ञात युवकों को बुलाकर उस पर हमला कर दिया। स्टेडियम में खड़ी उसकी गाड़ी भी तोड़ डाली। गाड़ी में उसका भाई सोनू और दोस्त लोकेश थे। वे किसी तरह गाड़ी लेकर वहां से भाग निकले। इस पर हमलावरों ने पीछा कर गाड़ी में टक्कर मारी व उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।