झज्जर। यूपीएससी द्वारा घोषित किए गए सिविल सर्विस परीक्षा परिणाम में जिला झज्जर से चयनित अभ्यर्थियों से डीसी शक्ति सिंह ने मुलाकात करते हुए शुभकामनाएं दी। यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2023 में जिला झज्जर के सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थियों से डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने अपने कार्यालय में मुलाकात की और बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीसी ने कहा कि जिला झज्जर के लिए यह बेहद गौरव का विषय है कि सामान्य पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों ने प्रतिष्ठित अखिल भारतीय सिविल सर्विस परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए क्षेत्र का नाम रौशन किया है। उन्होंने अभिभावकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के लिए भी बड़ी सफलता है क्योंकि तैयारी के इस सफर में अभिभावकों का अहम रोल होता है।
डीसी ने अभ्यर्थियों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। इस दौरान सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। सफल युवाओं ने कहा कि जीवन लक्ष्य निर्धारित करते हुए कड़ी मेहनत करना ही सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि जो जानकारी प्राप्त हो रही है, उसके अनुसार हरियाणा से 29 अभ्यर्थियों का सिविल सेवा में चयन हुआ है, जिनमें से 7 झज्जर जिले से संबंध रखते हैं। इस मौके पर एडीसी सलोनी शर्मा, सीटीएम शीतल, एसडीएम बहादुरगढ़ रविंद्र यादव, डीएमसी परवेश कादयान डीआईपीआरओ सतीश कुमार और सफल अभ्यर्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।
7 में से 3 महिलाएं, छात्राओं के लिए बनी प्रेरणा
झज्जर जिले में बहादुरगढ़ निवासी शौर्य अरोड़ा ने 14वीं रैंक, खरहर गांव निवासी शिवांश राठी ने 63वीं, दुबलधन के उदित कादियान ने 375 वीं, बहादुरगढ़ निवासी अभिलाष सुंदरम ने 421 वीं, झज्जर निवासी कनिका यादव ने 464वीं, बादली निवासी परख ने 584वीं व बहादुरगढ़ निवासी नेहा ने 719वीं रैंक हासिल की है।