देशभर में जितने भी बड़े पेपर लीक हुए है, उन सभी की जांच भले ही पहले से चल रही हो। लेकिन उनकी रोहतक पुलिस भी अपने तरीके से जांच करेगी। जिनमें सीपीएमटी, पीजी मेडिकल, आईआईटी-जेईई, एम्स, पीओ की प्रवेश परीक्षा है और इन सभी को पुलिस ने अभी अपनी लिस्ट में शामिल किया है।
क्योंकि एआईपीएमटी पेपर लीक के मास्टरमाइंड रूपसिंह दांगी व गिरोह के सदस्यों पर उन सभी में शामिल होने का पुलिस को शक है। जिसके लिए पुलिस हर उस जगह पर जाएगी, जहां राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। जिनमें यूपी, दिल्ली, हैदराबाद, राजस्थान, महाराष्ट्र तक शामिल है।
एआईपीएमटी-2015 की प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने से 6 लाख मेडिकल छात्रों को झटका लगा था। देशभर में हड़कंप मचाने वाले इस प्रकरण ही स्क्रिप्ट भले ही राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ में एक रिसोर्ट में लिखी गई हो। लेकिन यह गिरोह पूरे हरियाणा के साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, वेस्ट बंगाल, दिल्ली समेत 10 राज्यों में फैला है। पुलिस ने यूपी के कुशीनगर, महाराष्ट्र के नागपुर, दिल्ली, हरियाणा से आरोपियों को पकड़ा, लेकिन अभी काफी चेहरे सामने आने बाकी है।
अब पेपर लीक के 11 महीने बाद मास्टरमाइंड एक लाख के इनामी रूप सिंह दांगी के पकड़े जाने के बाद सभी चेहरे सामने आएंगे। लेकिन इसके साथ ही पुलिस ने देशभर में पिछले साल या उसके आसपास राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के जितने भी पेपर लीक हुए होंगे। उन सभी की दोबारा से अपने स्तर से जांच करने की तैयारी कर दी। जिनमें दिल्ली में एम्स, पीओ, उत्तर प्रदेश में सीपीएमटी, हैदराबाद में पीजी मेडिकल, आईआईटी-जेईई शामिल है।
माना जा रहा है कि दांगी पहले भी एचटीईटी का पेपर लीक करा चुका है और इसके अलावा भी कई पेपर लीक में उसका नाम सामने आया था। उसका नेटवर्क भी पूरे देश में फैला हुआ है, जिससे पुलिस मानकर चल रही है कि जितनी भी बड़ी प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक हुए है। उनमें दांगी भी शामिल हो सकता है।
एआईपीएमटी का पेपर लीक कराने वाला मास्टरमाइंड रूपसिंह दांगी पर पहले भी इस तरह के मामले दर्ज है। इसलिए पुलिस इसकी जांच करेगी कि पहले आईआईटी-जेईई, एम्स, पीओ, सीपीएमटी आदि के पेपर लीक हुए है, उनमें दांगी व इस गिरोह से कोई शामिल है या नहीं। शशांक आनंद, एसपी रोहतक