मैं इस दुनिया से ऊब चुका हूं। मेरी दोनों बेटियों का ख्याल रखना...।
शेयर बाजार में 15 से 20 लाख रुपये का घाटा हो गया है। ये बातें ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के 40 वर्षीय राजीव कुमार ने अपने सुसाइड नोट में लिखी हैं।
सुसाइड नोट लिखने के बाद राजीव ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब जहर का असर बढ़ चुका था तो उसने दोस्तों के पास फोन करके घटना की जानकारी दी।
गंभीर हालत में उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
आर्यनगर चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि राजीव कुमार ने शुक्रवार शाम को छोटूराम धर्मशाला के कमरे में जहरीला पदार्थ निगल लिया।
इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में राजीव ने लिखा कि उसके दोस्त दीपक सिंघला ने उससे धोखाधड़ी की है। वह धोखे से मेेरे साढ़े चार लाख रुपये हड़प गया।
इस कारण शेयर बाजार में मुझे 15 से 20 लाख रुपये का घाटा हो गया। अब किसी पर विश्वास नहीं होता। इसके बाद राजीव ने अपनी पत्नी और पिता को लिखा कि मेरी बेटियों का ख्याल रखना।
पुलिस ने बताया कि राजीव पिछले काफी समय से शेयर बाजार में रुपये लगाता था।
एक दिन के लिए किराये पर लिया था कमरा
पुलिस ने बताया कि राजीव ने शुक्रवार सुबह ही छोटूराम धर्मशाला में किराये पर कमरा लिया था। कमरे पर आने के बाद राजीव ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
इसके बाद सुसाइड नोट लिखना शुरू किया। जिंदगी की डोर टूटते देख उसने अपने दोस्तों को फोन करके सूचना दी।
दीपक सिंघला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसके ठिकाने के बारे में मृतक के परिजनों और उसके दोस्तों से पूछताछ की जाएगी।
नरेश कुमार, आर्यनगर चौकी प्रभारी, रोहतक।