एमडीयू में उच्च अधिकारियों के खिलाफ यौन शोषण और पैसा लेकर नेट पास कराने की सीडी मामला अब शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए चर्चा का विषय बन गया है। सीडी में रिकॉर्ड आवाज की रिपोर्ट आने से पहले कुछ शिक्षक और कर्मचारी इसे सही-गलत ठहराने में लगे हैं।
कुछ शिक्षक जहां इस मामले पर एमडीयू प्रशासन से कार्रवाई चाहते हैं वहीं कुछ शिक्षक इसे गुटबाजी करार देते हुए षडयंत्र का हिस्सा मान रहे हैं। वहीं कुलपति ने मामले की जांच रजिस्ट्रार को सौंपी हुई है।
ये था मामला
तीन दिन पहले एमडीयू के एक अधिकारी पर किसी छात्रा ने नेट में पास कराने और पास नहीं होने पर पीएचडी करा कर लेक्चरर लगाने के अलावा यौन शोषण का भी आरोप लगाया था। हालांकि शिकायतकर्ता छात्रा अब तक सामने नहीं आई है। वहीं जिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत की गई है वह भी अब तक सामने नहीं आए हैं। छात्रा और आरोपी अधिकारी के बीच संवाद के सामने आने के बाद ये मामला एमडीयू प्रशासन के गंभीर हो गया है।
रिपोर्ट का इंतजार
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच के लिए सीडी फोरेंसिक लैब भेजी है। बताया जाता है कि जांच अधिकारी बनाए गए रजिस्ट्रार एसपी वत्स भी लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही अपनी जांच आगे बढ़ाएंगे। अब तक आरोपी अधिकारी के भी बयान नहीं लिए गए हैं।
इनका कहना है
शिकायत की जांच की जा रही है। जांच केबाद ही कुछ कहा सकता है। फिलहाल मैं शहर से बाहर हूं।
- डॉ. एसपी वत्स, रजिस्ट्रार, एमडीयू