दिल्ली क्राइम ब्रांच की हिरासत में रोहतक के सिसरौली गांव के युवक संदीप (44) की मौत हो गई है। ग्रामीण दिल्ली पुलिस के खिलाफ केस दर्ज करने मांग को लेकर सदर थाने की टिटौली पुलिस चौकी में पहुंचे, लेकिन दिल्ली का मामला बताकर पुलिस ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि मामला दिल्ली पुलिस का है।
सिसरौली गांव निवासी सुखविंदर ने बताया कि वे तीन भाई हैं। तीनों अलग-अलग रहते हैं। दूसरे नंबर का भाई संदीप मां ओमपति के साथ रहता था। साथ ही हर्ट का मरीज रहा है। उसके खिलाफ 2003-04 में दिल्ली में शराब बेचने को लेकर कोई केस दर्ज हुआ था, जिसे लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। 2009 के बाद उनको पता नहीं चला क्या हुआ। 16 सितंबर को दिल्ली की क्राइम ब्रांच के तीन लोग सिविल वर्दी में आए।
आते ही उन्होंने संदीप को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि संदीप हर्ट का मरीज है। उसका उपचार भी चल रहा है, लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक नहीं सुनी और टिटौली पुलिस चौकी में ले गए। वहां से अपने साथ ले गए। वे उसी दिन रोहिणी स्थित दिल्ली के क्राइम ब्रांच कार्यालय में पहुंचे, जहां भाई संदीप से बात कराने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें : Accident In Haryana: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी व बाइक सवार को मारी टक्कर, चार की मौत, कार भी पलटी
एक पुलिसकर्मी ने थोड़ी देर बाद बात करवाई, उस समय संदीप कह रहा था कि उसे दिक्कत हो रही है। उन्होंने संदीप का किसी अस्पताल में उपचार कराने का आग्रह किया, लेकिन क्राइम ब्रांच वालों ने उन्हें भगा दिया। केवल इतना कहा कि 17 सितंबर को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में पेश करेंगे। वहां मिलना। वे शाम पांच बजे तक तीस हजारी कोर्ट में इंतजार करते रहे, लेकिन उसके भाई को पेश नहीं किया गया।
वकील ने बात की तो पुलिस ने बताया कि संदीप अस्पताल में है दाखिल
सुखविंदर ने बताया कि उन्होंने तीस हजारी कोर्ट में एक वकील से बात की। उसने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों से बात की। तब एक एएसआई ने बताया कि संदीप की हालत बिगड़ गई थी। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वे अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि संदीप की मौत हो चुकी है। उसका शव मोर्चरी के अंदर रखा जा चुका था। वहां से उन्होंने पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन किया। इसके बाद एक महिला जज पहुंची, उनके सामने बयान दर्ज करवाए। इसके बाद पुलिस भी लौट गई। अब सोमवार को पोस्टमार्टम कराने की बात कही है।
सिसरौली गांव निवासी संदीप दिल्ली पुलिस का पीओ था, जिसे 16 सितंबर को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार करके ले गई थी। इसकी रिपोर्ट चौकी में दर्ज है। दिल्ली पुलिस की हिरासत में युवक की मौत हुई है। ऐसे में यह रोहतक का मामला नहीं है।
- एसआई राजसिंह, कार्यकारी थाना प्रभारी, थाना सदर