हरियाणा के रोहतक शहर की जनता कॉलोनी के युवक मयंक जैन से दो करोड़ की रंगदारी मांगने का प्लान सट्टे बाजार में घाटा होने पर बनाया गया था। मामले में सीआईए प्रथम द्वारा गिरफ्तार आरोपी ब्राह्मणवास गांव निवासी मनीष ने यह खुलासा किया। शुक्रवार को उसे पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए प्रथम प्रभारी एसआई भरत सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को सैयद वाली गली, हाल में कटारिया हाउस नजदीक जनता कॉलोनी निवासी मयंक जैन ने सिटी थाने में शिकायत दी थी कि उसके पास विदेशी नंबर से व्हाट्सअप कॉल आई। कॉल करने ने अपना नाम नंदू बताया। बोला उसे दो करोड़ रुपये चाहिए, नहीं तो 25 घंटे के अंदर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को काबू किया। खुलासा हुआ कि केस में ब्राह्मणवास गांव निवासी मनीष भी शामिल है, जो गौतमबुद्ध नगरजेल में बंद है। वहां भी पुलिस ने उसे रंगदारी के केस में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। फायरिंग में मनीष को गोली लग गई थी, जबकि उसके बाकी साथी फरार हो गए थे। अब पुलिस मनीष को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
मनीष ने ऑनलाइन विदेशी नंबर तैयार किया था। इसके बाद मयंक जैन से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती सहित रोहतक, हांसी, दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर और राजस्थान में 13 मामले दर्ज हैं।
-विनोद दलाल, जांच अधिकारी