सड़क पर वाहनों का शोरगुल, लोगों का हुजूम और दौड़ लगाती पुलिस। यह नजारा था शुक्रवार शाम मेन हिसार बाईपास रोड का। यहां कार सवार दो बदमाश गुरुग्राम से 65 लाख रुपये की रंगदारी लेने आए थे। यहां दोनों बदमाश पुलिस के जाल में फंस गए। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बीच सड़क कार के सामने कार लगाकर बदमाशों को पकड़ा। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस कार्रवाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना शहर प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बताया कि रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी झज्जर के सुढाना निवासी अमित व सोनीपत के नाहरी निवासी अनीश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में और खुलासे की उम्मीद है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। यह हंगामा करीब 15 मिनट तक चला। इस दौरान मेन हिसार बाईपास पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। यही नहीं शनिवार को दिन भर यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।
दरअसल, शहर के बड़ा बाजार निवासी राजेश ने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजेश हिसार रोड पर दुकान चलाता है। इसे 28 सितंबर को फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को अमित बताते हुए राजेश से 65 लाख रुपये की मांग की।
यह रकम नहीं देने पर उसे गोली मारने की धमकी दी। इस मामले की शिकायत शुक्रवार को पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपना जाल बिछाया। इसके तहत आरोपियों को दोपहर संपर्क कर रंगदारी की रकम लेने के लिए बुलाया गया।
गुरुग्राम से शाम को रुपये लेने आए कार सवार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। इन्होंने बच कर निकल भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने फिल्मी अंदाज में आगे व पीछे से कार अड़ा कर उनकी कार को रोक लिया और दौड़ कर कार सवार काबू किए।