तिलक नगर में किराये के मकान में रहने वाले ट्रांसपोर्टर की पत्नी रीतू का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। बताया गया कि दो महीने पहले महिला की जुड़वा बेटियों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। बेटियों को नहलाने के बाद धूप में लेटाया गया था और अचानक ही उनकी मौत हो गई। उसके बाद से रीतू कुछ उदास जरूर रहती थी। लेकिन पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने महिला के पति व मायके वालों को घटना की जानकारी दी और उनके पहुंचने के बाद ही कमरा खोला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेरी के रहने वाले ऋषि की शादी साढ़े छह पहले खानपुर की रहने वाली रीतू के साथ हुई थी। वह पिछले साढ़े तीन साल से तिलक नगर में रिटायर्ड शिक्षक भीम सिंह के मकान में किराये पर रहते हैं। ऋषि एक ट्रांसपोर्टर है और उसके साथ ही वह अपना ट्रक भी चलाता है। वह ज्यादातर समय घर से बाहर ही रहता है। बताया गया कि ऋषि पांच दिन पहले घर आया था और कई दिन रुकने के बाद वापस चला गया था। ऋषि का एक दोस्त पास में रहता है जो मंगलवार की शाम को उसके घर आया था। उसने देखा कि अंदर से दरवाजा बंद है। खिड़की से देखा कि रीतू फंदे पर लटकी हुई है। उसने तुरंत ही मकान मालिक को इस बारे में बताया और पुलिस को सूचना दी गई।
सिविल लाइन थाना पुलिस अपने साथ एफएसएल टीम को लेकर पहुंची, लेकिन वहां रीतू के परिवार को कोई आदमी नहीं था। इस कारण ही पुलिस ने पहले उसके पति व मायके वालों को सूचना दी और उनके पहुंचने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोला गया। पुलिस ने मकान मालिक से कुछ जानकारी जुटाईं। उन्होंने बताया कि उसका चार साल का बेटा है जो ऋषि के अन्य परिवार वालों के साथ गुड़गांव में रहता है।