लापता छह साल का दीपांशु कावड़ लेकर आए रिश्तेदार की गोद में
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रोहतक के बोहर गांव से किसी ने दूध विक्रेता के छह साल के बेटे का घर के बाहर से अपहरण कर लिया। वारदात शनिवार की रात आठ से नौ बजे के बीच हुई, बच्चे की चप्पल सोनीपत रोड पर नहर के पुल के पास मिली। शनिवार रात व रविवार को दिनभर पुलिस बच्चे को तलाश करती रही, लेकिन पता नहीं लग सका। अर्बन एस्टेट थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
बोहर निवासी सुनील उर्फ ढीलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दीपांशु छह तो छोटा बेटा मयंक चार साल का है। शनिवार को रात करीब आठ बजे दोनों बेटे घर पर मोबाइल में गेम खेल रहे थे। थोड़ी देर बाद दीपांशु नहीं दिखा तो उन्होंने सोचा कि साथ लगते दूसरे घर में गया है।
करीब नौ बजे जब खाना खाने लगे तो उसको तलाश किया, लेकिन पता चला कि दीपांशु दूसरे घर में नहीं गया था। अचानक बेटे के लापता होने से हड़कंप मच गया। तत्काल रिश्तेदारियों से लेकर पुलिस को कॉल की। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के साथ मिलकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई पता नहीं लग सका।
नहर के पुल पर मिली चप्पल, दिनभर पटरी पर ढूंढती रही पुलिस
दूध विक्रेता ने बताया कि रात को जब वे बेटे को तलाश कर रहे थे, तब सोनीपत रोड पर नहर के पुल के ऊपर बेटे दीपांशु की चप्पल मिली। वे रातभर दोनों पटरी पर उसे तलाश करते रहे, लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। रविवार को एनडीआरएफ की टीम की भी मदद ली गई।
मेरी किसी से कोई रंजिश नहीं है। पता नहीं कौन बेटे का अपहरण करके ले गया है। आईजी से लेकर एसपी तक से बात की, लेकिन पता नहीं लग सका है। -सुनील उर्फ ढीलू, लापता दीपांशु का पिता
लापता बच्चे को तलाश कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम की मदद ली गई है। उसे नहर में भी तलाश किया जाएगा। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की, लेकिन अभी कोई सुराग नहीं है। -इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट