शहर में धर्म छिपाकर शादी करने का मामला सामने आया है। धर्म छिपाकर शादी
करने वाला युवक शहर से फरार हो गया है और पुलिस उसका सुराग नहीं लगा पा रही
है।
आरोप है कि युवक ने पीड़ित महिला के भाई और पिता को भी जान से मारने
की धमकी दी है। आरोपी को पकड़े जाने की मांग को लेकर आर्य नगर के
कॉलोनीवासी और परिजन शुक्रवार को महिला थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया।
महिला पुलिस के उच्च अधिकारियों को मौके पर आकर आश्वासन देना पड़ा, तब जाकर
मामला शांत हुआ।
बता दें कि आर्यनगर निवासी एक युवती ब्यूटी पार्लर
चलाती है। इसी बीच कॉलोनी के ही एक युवक ने धर्म छिपाकर युवती से बातचीत
शुरू कर दी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। आरोप है कि युवक युवती
को अपने साथ नांगलोई ले गया और युवती से शादी से जुड़े कुछ दस्तावेजों पर
हस्ताक्षर करवा लिए। फिर आरोपी ने युवती को अपने धर्म के बारे में सच्चाई
बताई।
इस पर पीड़ित ने आरोपी के साथ रहने से इंकार कर दिया। जब युवती उसे
छोड़कर जाने लगी तो आरोपी ने उसे बंधक बनाया और जबरन उसे पत्नी का दर्जा
दिया। धमकी भी दी कि यदि उसने भागने की कोशिश की तो उसके भाई और पिता की
हत्या कर देगा।
इस पर युवती कुछ दिनों तक आरोपी के साथ रही। बाद में वह
किसी तरह अपने घर आ गई। उसने परिजनों को सारी सच्चाई के बारे में बताया।
इसके बाद आरोपी के बारे में महिला थाने में शिकायत दी गई थी। फिर पुलिस ने
आरोपी नवीद सहित अन्य के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी
नहीं हो सकी है।