पहले मामी के हाथों की तवे पर बनी गरम-गरम रोटी खाई। दो घंटे बाद जब मामी घर के बाहर बर्तन साफ कर रही थी कनपटी पर कस्सी से तीन वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना महम के गोयत पाना की है। आरोपी की पहचान प्रवीण (25) निवासी गांव लाढौत के रूप में हुई है।
आरोपी प्रवीण यौन उत्पीड़न केस में भिवानी जेल में पांच माह से बंद था। जिसे एक सप्ताह पहले मामा जितेंद्र जमानत करवाकर अपने घर लाया था। क्योंकि आरोपी के माता-पिता का निधन हो चुका है। महम थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि महम के गोयत पाना निवासी प्रमिला (33) की हत्या कर दी गई है।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटना के वक्त महिला का पति जितेंद्र गोहाना गया हुआ था। हत्या की सूचना मिलते ही एएसपी हेमेंद्र सिंह मीणा एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंचे।
सुबह करीब 10 बजे प्रमिला घर के बाहर बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान ननद का बेटा प्रवीण आया और कस्सी से तीन वार किए, जिससे उसके मुंह, गर्दन व सिर में गहरी चोट आई। मृतका ने बर्तन अड़ा कर बचाव की कोशिश भी, लेकिन आरोपी मौत होने तक वार करता रहा। जितेंद्र महम के गोयत पाना का रहने वाला है। वह पिछले कई साल से शहर के जलघर से बाईपास की ओर जाने वाले मार्ग पर खेतों में मकान बनाकर रहता है।
आरोपी बोला- मेरे ऊपर निगाह रखे हुए थी मामी
महम थाना प्रभारी रमेश ने बताया कि आरोपी प्रवीण का मानसिक संतुलन ठीक नहीं लग रहा है। उसका कहना था कि मामी उसके ऊपर निगाह रखे हुए थे। इस बात से वह नाराज था। वारदात के समय घर में जितेंद्र के बच्चे भी थे। बच्चों ने जब यह मंजर देखा तो वह चिल्लाने लगे। आरोपी बच्चों की ओर भी कस्सी लेकर मारने के लिए दौड़ा, लेकिन बच्चे जान बचाकर भाग गए।
अपराध की दलदल से निकालना चाहता था मामा
ग्रामीणों ने बताया कि जितेंद्र नेक दिल इंसान है। वह नहीं चाहता था कि उसका भांजा अपराध की दलदल में धंसता चला जाए। इसलिए पहले उसकी जमानत करवाई। उसे जरूरी कार्य से शुक्रवार को गोहाना जाना पड़ गया। क्योंकि सुबह हालात सामान्य थे।
भांजे को उसकी मामी ने तवे पर रोटी बनाकर खिलाई थी। इसके बाद सभी ने खाना खाया। इसके बाद जितेंद्र की पत्नी घर के पास से गुजरने वाली जलघर की नाली के पास बैठकर बर्तन साफ करने लगी। इसी दौरान आरोपी घर के अंदर गया तथा वहां पर रखी कस्सी से अपनी मामी पर तीन वार किए। जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भांजे को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में बता रहा है कि मामी उस पर निगाह रखे हुए थी। आरोपी का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं लग रहा है। गिरफ्तारी व रिमांड के बाद ही वारदात से पूरा पर्दा उठ सकेगा।
-रमेश कुमार, थाना प्रभारी महम