हरियाणा के रोहतक में कन्हेली गांव के गोलीकांड के आरोपी हिस्ट्रीशीटर नागेंद्र उर्फ सटरा को गिरफ्तार करने के पुलिस ने सोनीपत में दबिश दी, जहां वह रहा था। आरोपी घर पर नहीं मिला और न ही वह मोबाइल फोन का प्रयोग करता है। ऐसे में पुलिस ने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर आरोपी तक पहुंचने का निर्णय लिया है। वहीं गोली लगने से घायल बहुजमालपुर निवासी परमजीत को छुट्टी मिल गई है, जबकि घायल चरखी दादरी जिले के मालकोष गांव निवासी व रेवाड़ी में शिक्षक के तौर पर तैनात बलवान सिंह अभी अस्पताल में ही दाखिल है।
बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि चार मार्च को वह रोहतक आया हुआ था। साथ ही कन्हेली गांव निवासी कुलदीप सिंह के कार्यालय में चल रही पार्टी में शामिल हो गया। कन्हेली गांव निवासी रणबीर सिंह, नागेंद्र उर्फ सटरा, रिटौली निवासी भोला, सुबाना निवासी प्रवीण, मायना निवासी वजीर, पानीपत के जोरासी निवासी सुभाष व बहुजमालपुर निवासी परमजीत भी साथ थे।
वे सभी बैठकर शराब पी रहे थे। पार्टी में नागेन्द्र उर्फ सटरा सभी को गालियां दे रहा था। जब वे नागेंद्र को समझा रहे थे, तभी उसने पिस्तौल निकाली और उस पर फायर कर दिया। गोली दायीं तरफ से पेट से आर-पार निकलकर साथ खड़े परमजीत को जा लगी।
आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से हथियार सहित फरार हो गया था। घायलों को खेड़ी साध के नजदीक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। तभी से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
आरोपी मूलरूप से कन्हेली गांव का रहने वाला है और हिस्ट्रीशीटर रहा है। अब वह सोनीपत में रहता है। पुलिस ने उसे काबू करने के लिए दबिश दी, लेकिन वह सोनीपत में नहीं मिला। उसे तलाश करने के लिए लगातार दबिश दे रहे हैं।
-अश्वनी कुमार, जांच अधिकारी, थाना शिवाजी कॉलोनी