आरोपी सुनील उर्फ ढिल्लू। दीपांशु फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रोहतक में पत्नी ने व्यंग्य कसा तो एक कलयुगी पिता ने अपने ही लाडले बेटे की नहर में डूबोकर हत्या कर दी। घर आकर कह दिया कोई उसके बेटे का अपहरण करके ले गया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व पुलिस के तीखे सवालों से वह टूट गया और पति व पत्नी के बीच हुए पारिवारिक कलह के चलते बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली। बोहर के दीपांशु मौत मामले में सनसनीखेज खुलासे के बाद हर कोई स्तब्ध है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि छह अगस्त को बोहर गांव निवासी सुनील उर्फ ढीलू ने शिकायत दी कि वह दूध विक्रेता के तौर पर काम करता है। उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे दीपांशु की उम्र 6 साल 9 माह और छोटे बेटे मयंक की उम्र चार साल है।
पांच अगस्त की रात करीब आठ बजे दीपांशु घर से लापता हो गया। उसकी चप्पल नहर के पुल पर मिली है, किसी ने उसका अपहरण किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया।
बेटे ने जबतक दम नहीं तोड़ दिया, तब तक उसे पानी में डूबोए रखा
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुनील उर्फ ढीलू ने बताया कि वह अपने बड़े बेटे दीपांशु और पत्नी छोटे बेटे मयंक से ज्यादा प्यार करती थी। पत्नी ने कहा कि छोटे बेटे की तरफ भी ध्यान दिया करो। उसने तय कर लिया था वह झगड़े की जड़ की खत्म कर देगा। वह बेटे को बाइक पर बैठाकर जवाहर लाल नेहरू कैनाल के श्मशान घाट के नजदीक वाले पुल पर ले गया। वहां बेटे से कहा कि दोनों नहर में नहाएंगे। उसे बेटे को पानी के अंदर डूबा दिया और तब तक दबाए रखा, जब तक उसने छटपटाना बंद नहीं कर दिया। इसके बाद नहर के अंदर गहराई में धकेल कर घर वापस आ गया।
कैमरे ने खोला राज
जांच में सीसीटीवी कैमरे में सुनील उर्फ ढीलू बाइक पर जाते दिखाई दिया। उसके पीछे दीपांशु बैठा था। साथ ही बाइक के दोनों तरफ दूध के ड्रम थे। उसी कैमरे की आगे फुटेज देखी कुछ देर बाद सुनील वापस आता दिखाई दिया।
पति व पत्नी के बीच आपसी विवाद के चलते पिता ने ही बेटे दीपांशु की नहर में डूबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है। ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।
-प्रलाहद सिंह, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट