हरियाणा के रोहतक में दूसरे राज्य से नाबालिग लड़की को लाकर बेचने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। असम से अगवा कर जनता कॉलोनी के एक मकान में बंधक बनाकर रखी गई नाबालिग लड़की को राजस्थान में बेचे जाने से पहले ही चाइल्डलाइन व पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मानव तस्करों से बचा लिया। इसे काउंसिलिंग के बाद महिला आश्रम में भिजवा दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
चाइल्डलाइन के हेल्पलाइन नंबर 1098 पर किसी ने फोन कर एक लड़की को जबरन घर में बंद करने की सूचना दी। सूचना में केवल शिवाजी कॉलोनी इलाके का जिक्र किया गया था। ऐसे में पहले चाइल्ड लाइन टीम के लिए बच्ची के रखे गए मकान का पता करना था।
बच्ची के घर व उसके वहां होने की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच की मदद से बचाव की कार्रवाई की गई। टीम ने जनता कॉलोनी के मकान के ऊपरी हिस्से में बने बंद कमरे से नाबालिग लड़की को बरामद किया। इस दौरान मकान में कोई और नहीं मिला। फिलहाल क्राइम ब्रांच मामले की छानबीन कर रही है।
टीम ने बच्ची को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के समक्ष पेश किया। यहां लड़की की काउंसिलिंग की गई। काउंसिलिंग में लड़की ने अपने अपहरण करने व कमरे में बंद करके रखने की जानकारी दी। अगवा करने वाले इसे राजस्थान में किसी को बेचने की फिराक में थे।
इसे बेरहमी से पीटा भी गया। फिलहाल लड़की की मानसिक स्थिति को देखते हुए ज्यादा बातचीत या दबाव नहीं दिया गया है। काउंसिलिंग के बाद इसे महिला आश्रम में पहुंचा दिया गया है। यहां लड़की की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। फिलहाल बाल कल्याण समिति व पुलिस के समक्ष भाषाई विविधता परेशानी बनी हुई है। लड़की की बात जितना समझा पाए हैं, उस हिसाब से उसके घर संदेश भेज दिया गया है। असम के थाने में लड़की से संबंधित केस भी दर्ज है।
बता दें कि अमर उजाला पहले ही इस मुद्दे को अपने अंक में प्रकाशित कर चुका है। ऐसे गंभीर मामले में समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इसके लिए उत्पीड़ित बच्चों की सूचना मिलने पर तुरंत 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बचाव हो सके।
दूसरे प्रांतों से बहला-फुसला व अगवा कर लाई जा रही बच्चियां
चाइल्ड लाइन के मुताबिक, बंगाल, असम, झारखंड व अन्य राज्यों से अपराधी नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसला या अगवा कर लाते हैं। इनका शोषण व उत्पीड़न किया जाता है। कई मामलों में देखा गया है कि अपराधी इन्हें बेच देते हैं। कहीं शादी के लिए तो कहीं घर का काम कराने के लिए बच्चों की तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं। कम उम्र की बच्चियां तस्करों का सरल लक्ष्य होती हैं।
चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन नंबर पर किसी ने फोन कर नाबालिग लड़की को बंदी बना कर रखने की सूचना दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की मदद से मकान में बंद लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। इसे महिला आश्रम में रखा गया है।
-सुभाष, जिला समन्वयक, चाइल्ड लाइन।
असम से एक लड़की को अगवा कर लाए जाने की सूचना मिली थी। इसे एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया था। लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इसकी काउंसिलिंग भी कराई गई है। पुलिस की स्टेट क्राइम ब्रांच ऐसे मामलों में विशेष तौर पर काम कर रही है। लड़की को मेडिकल के बाद महिला आश्रम पहुंचा दिया गया है।
-एसआई राजवंती, स्टेट क्राइम ब्रांच।