जिला युवा एवं खेल विभाग में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत प्रेम नगर निवासी 49 वर्षीय जयदीप दांगी ने दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे पीजीआई ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचायत विभाग में कार्यरत स्टोर कीपर के भाई देवराज दांगी के बयान पर डीएसओ निर्मला देवी और विभाग के पंचकूला स्थित एक अधिकारी जांगड़ा के खिलाफ प्रताड़ित करने का केस दर्ज किया है।
सिविल लाइन एसएचओ नीरज ने बताया कि बुधवार दोपहर सूचना मिली कि प्रेम नगर निवासी जयदीप दांगी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी पीजीआई में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि उसका भाई खेल विभाग में कार्यरत थी।
सरकार की ओर से समय-समय पर एसीपी दी जाती है, जिसके आधार पर कर्मचारी का वेतन बढ़ता है। लंबे समय से जयदीप की फाइल पंचकूला अटकी हुई थी। इसके कारण वह काफी परेशान रहता था। उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने जांच टीम को अप्रैल माह में लिखा एक सुसाइड नोट भी सौंपा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि डीएफएसओ और पंचकूला के अधिकारी ने उसे प्रताड़ित किया है। पुलिस ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मेरे पास तो छुट्टी लेने आया था जयदीप
मैं तो फरवरी माह में रोहतक आई थी। उससे पहले ही उसकी एसीपी की फाइल पंचकूला जा चुकी थी। बुधवार दोपहर जयदीप छुट्टी लेने आया था। साथ ही पीजीआई के डाक्टरों का मेडिकल भी दिखाया। मैंने छुट्टी दे दी थी। अब पता नहीं उसने क्यों पत्र में मेरा नाम लिखा। मैं जांच के लिए तैयार हूं।
निर्मला देवी, जिला युवा एवं खेल अधिकारी
मृतक के परिजनों की ओर से अप्रैल माह में लिखा एक सुसाइड नोट दिया गया है, जिसमें डीएसओ निर्मला देवी और पंचकूला के एक अधिकारी जांगड़ा को जिम्मेदार ठहराया गया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है। पुख्ता तथ्य सामने आने पर कार्रवाई होगी।
नीरज कुमार, प्रभारी, सिविल लाइन थाना।