राख का ढेर होने से बचा ट्रामा सेंटर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
पीजीआई का ट्रामा सेंटर सोमवार को राख का ढेर होने से बच गया। यहां प्रथम तल पर बने ऑपरेशन थियेटर में आग लग गई। ऑपरेशन के दौरान पहने जाने वाले कपड़ों में लगी आग को कर्मचारियों ने समय रहते काबू कर लिया। हादसे की वजह बीडी पीना बताई जा रही है।
सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे ट्रामा सेंटर में अचानक अफरा तफरी मच गई। यहां चारों को फैले धुंए ने हर किसी का सांस लेना दुभर कर दिया। संस्थान के सुरक्षा कर्मचारियाें व अन्य ने अनहोनी का आभास होते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। धुंए का कारण पता करने ऊपर पहुंचे कर्मचारियों को थियेटर के पास पड़े गंदे कपड़ाें में आग लगी नजर आई। इसके चलते आसपास के अग्नि शमन उपकरण उठाकर आग बुझाई। कर्मचारियों के प्रयास के चलते करीब 15 मिनट पर स्थिति सामान्य हो गई। समय रहते बचाव कार्य होने से आग के ज्यादा भड़कने या कपड़ों से उठ कर अन्य जगह को घेरने से पहले ही बुझा दिया गया। हादसे में किसी तरह अनहोनी की सूचना नहीं है। आगजनी की घटना से बने अफरा तफरी के माहौल के कारण मरीजों व उनके परिजनों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें सुरक्षा के लिहाज से तुरंत बाहर लाया गया। गनीमत रही हादसे के दौरान ऊपर मरीज नहीं थे। वहां आग के कारण उठे धुंए से उनकी मुश्किल बढ़ सकती थी।