नववर्ष से पहले रात को शहर के चप्पे-चप्पे पर होगी पुलिस की नजर
- एसपी पंकज नैन ने दिये गश्त और नाके बढ़ाने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
नववर्ष को लेकर शहर के अलग अलग हिस्सों में होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। नववर्ष से पहली रात 31 दिसंबर को शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी नजर होगी। एसपी पंकज नैन ने जिले भर के पुलिस अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में गश्त और नाके बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। शनिवार से शहर में गहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
एसपी पंकज नैन ने बताया कि शांति बनाए रखने के लिए बाजारों व कार्यक्रम स्थल पर संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान मेें रखते हुए नया बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड़, शौरी मार्केट, चमेली मार्केट, गांधी कैंप मार्केट, डी-पार्क, शीला बाईपास, गोहाना अड्डा, सभी शॉपिंग कांप्लेक्स सहित अन्य जगहों पर गश्त की जा रही है। एसपी ने सभी थानों, चौकी व विशेष टीम के प्रभारियों को निर्देश दिये है कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र व बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है। इसके अलावा शहर के होटलों, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं व अन्य जगहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। कई जगहों पर नाकों की संख्या बढ़ा दी गई है।
जिले से जुड़े टोल प्लाजा पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों का चालान किया जा रहा है। जिले में सभी राइडर व पीसीआर को भी निरंतर गश्त करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन में रिजर्व पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी पंकज नैन ने शहरवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी है। साथ ही यातायात नियमों का पालन व कानूनी व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।