अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। भिवानी रेल फाटक के नजदीक कुताना बस्ती में मंगलवार दोपहर राजेंद्र कॉलोनी निवासी ऑटो चालक दिनेश शर्मा का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि नजदीक में ही उसका ऑटो खड़ा था। सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी मौका मुआयना करने के बाद प्रथम दृष्टया जहर खाकर आत्महत्या मान रही है। वहीं, मृतक की बहन का आरोप है कि लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने उसके भाई की हत्या करवाई है। वह एक लाख रुपये नहीं देने पर मरवाने की धमकी देती थी। यही नहीं, वह घर का ताला लगाकर गायब हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर की राजेंद्र कॉलोनी निवासी दिनेश शर्मा (32 वर्ष) ऑटो चलाता था। उसकी शादी करीब 10 साल पहले फरीदाबाद की युवती के साथ हुई थी, जिससे उसके तीन बच्चे हैं। अनबन होने के चलते पत्नी करीब एक साल पहले मायके चली गई। दिनेश की बहन ललिता ने बताया कि उसकी भाभी के छोड़कर चले जाने के बाद दिनेश एक महिला के साथ रहने लगे। इसके चलते दिनेश किराये का मकान लेकर महिला के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगा। इस महिला से भी दिनेश की अनबन हो गई तो वह चली गई, मगर दो-तीन माह बाद वापस आई। ललिता का आरोप है कि महिला लौटकर तो आ गई, मगर दिनेश से एक लाख रुपये मांगने लगी। वह कहती थी कि यदि एक लाख रुपये नहीं दिए तो वह मरवा देगी या फिर किसी झूठे केस में फंसवा दिया जाएगा। उसने बताया कि दिनेश मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से अॅाटो चलाने के लिए निकला। दोपहर में जीआरपी से सूचना मिली कि दिनेश का शव कुताना बस्ती में पड़ा मिला है। मौके पर जाकर देखा तो शव जमीन पर पड़ा था और आटो नजदीक में खड़ा था। जानकारी करने पर पता चला कि दिनेश के साथ रहने वाली महिला घर पर ताला लगाकर गायब है।
कोट
रेल पटरी के नजदीक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। शव के पास मिले मोबाइल नंबर से उसकी शिनाख्त हो सकी। शव के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। मौका मुआयना से प्रथम दृष्टया मामला जहर खाकर आत्महत्या का है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -नरेश कुमार, एसएचओ, थाना जीआरपी
तीनों बच्चों के पालन पर संकट
ऑटो चालक के तीन बच्चे हैं। बेटा अनमोल कक्षा दो, गोपाल नर्सरी, भक्ति कक्षा चार में पढ़ती है। मां पहले ही बच्चों को छोड़कर जा चुकी है, अब पिता की भी मौत हो गई। परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी-रोटी का संकट आ गया। बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा? यह बड़ा सवाल है। लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की मांग प्रशासन से की है।
एक सप्ताह पहले ही ऑटो चालक ने बहन को दी थी सूचना
ललिता ने बताया कि भाई दिनेश ने एक सप्ताह पूर्व ही उसके मोबाइल पर कॉल की थी। बताया था कि जिस महिला के साथ वह रहता था। वह उससे लगातार एक लाख रुपये की मांग कर रही है और न देने पर हत्या कराने की बात कह रही है। मृतका की बहन का बार-बार रो रोकर बुरा हाल था।