कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ युवक को धरा
यमुनानगर। सीआईए टू ने छछरौली पेट्रोल पंप के पास से जिंदा कारतूस और 315 बोर के देसी कट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीआईए टू के इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक छछरौली पेट्रोल पंप के नजदीक देसी कट्टा लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर उन्होंने एसआई मोहन के नेतृत्व में कांस्टेबल अमरजीत सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की। टीम ने दबिश देकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे आरोपी को काबू किया। जांच के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान जगाधरी की इंदिरा वास कॉलोनी निवासी दीपक उर्फ चांसलर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।