आरोपी एक राजनीतिक पार्टी का नाम लेकर बोला- मेरी चलती है पार्टी में, ऑफिसर बनवा दूंगा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रोडवेज निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर एक आरोपी ने कंसाला के पवन राज से साढ़े बारह लाख रुपये ठग लिये। नौकरी नहीं लगने पर जब पवन ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसपर रिवाल्वर तानकर गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में शहर थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कंसाला निवासी पवन राज ने बताया कि तीन महीने पहले उसकी मुलाकात मायना निवासी बसंत राठी से हुई थी। कुछ समय बाद बसंत ने पवन से बताया कि उसकी प्रदेश सरकार में अच्छी पकड़ है। किसी की भी नौकरी लगवा दूंगा। आरोपी ने पवन के भाई की रोडवेज में नौकरी लगवाने की बात कही। इसके एवज में 20 लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने एडवांस के नाम पर जींद बाईपास पर पवन से साढ़े बारह लाख रुपये लिये। रुपये लेने के बाद आरोपी ने जल्द नौकरी लगाने की बात कही। लेकिन काफी समय पर टालमटोल करता रहा। जब पवन को उसकी हरकत के बारे में पता चला तो उसने रुपये वापस मांगे। कई बार बसंत को कॉल की। मगर उसने रुपये नहीं दिये। इतना ही नहीं आरोपी ने पवन के घर आकर उस पर रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पवन ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।