रोहतक। गांव भैयापुर लाढ़ौत के दूध व्यापारी राजेश उर्फ राजू की हत्या करने वाले बदमाशों का 11 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजन सोमवार को एसपी पंकज नैन से मिलने पहुंचे। एसपी के नहीं मिलने के कारण वह सीआईए 1 के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवीन से मिले। परिजनों ने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। परिजनों के साथ एसपी से मिलने पहुंचे सरपंच प्रतिनिधि संजय देशवाल के नेतृत्व में ग्रामीण पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि हत्या करने के बाद आरोपी खुलेआम घूम रहे है। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह चार दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बता दें कि 27 दिसंबर को दूध व्यापारी राजेश उर्फ राजू की गांव से कुछ दूरी पर बाइक सवार युवकों ने चाकू व गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में सदर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।