अमर उजाला एक्सक्लूसिव
जेल से ही सांसद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा लॉरेन्स बिश्नोई
- बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी देने के बाद चर्चाओं में आया था लॉरेन्स
- भरतपुर की जेल में है बंद, फेसबुक पर भी चुनाव के संबंध में मांग रहा सुझाव
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मारने की धमकी देने वाला भरतपुर की जेल में बंद लॉरेन्स बिश्नोई सांसद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। चुनाव के संबंध में उसने फेसबुक पर भी पोस्ट डाल कर दोस्तों से सुझाव मांगे हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को काले हिरण का शिकार करने के मामले के बाद जान से मारने की धमकी दी थी। लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर उसके गिरोह का सदस्य कारोर के आनंद हत्याकांड में शामिल रहा। संपत नेहरा सलमान को मारने के लिए मुंबई पहुंच गया था, मगर सिक्योरिटी अधिक होने के कारण कामयाब नहीं हो सका था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भरतपुर की जेल में बंद लॉरेन्स बिश्नोई जेल से ही आगामी सांसद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वह अपने फेसबुक अकाउंट को भी लगातार अपडेट कर रहा है। 16 जुलाई को फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर लॉरेंस बिश्नोई ने चुनाव के संबंध में सभी साथियों से सुझाव भी मांगे हैं। साथ ही कहा है कि वह चुनाव के संबंध में व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करा रहा है। जिसमें साथियों की राय पर ही आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। लॉरेन्स द्वारा डाली गई पोस्ट पर अब तक 1000 से अधिक कमेंट आ चुके हैं, जबकि करीब 500 से अधिक लाइक मिले हैं।
लॉरेन्स द्वारा चुनाव लड़ने की पोस्ट के संबंध में जानकारी मिली है। जानकारी कराई जा रही है कि पोस्ट किसने डाली है।
- बीएस संधू, डीजीपी, हरियाणा
अपनी अलग पार्टी बनाने का भी दावा कर रहा लॉरेन्स
- फेसबुक पर डाले गए पोस्ट में लॉरेन्स बिश्नोई अपनी अलग पार्टी बनाने का भी दावा कर रहा है। उसका कहना है कि लोगों के सुझाव के माध्यम से ही पार्टी बनाने पर विचार किया जाएगा।