लखीमपुर के ध्यानार्थ::::
जेएलएन में नारियल निकालते समय यूपी के दो मजदूर डूबे
-बोहर गांव के पास धान लगाने के लिए पहुंचे थे दोनों
-गोताखोर भी दोनों की तलाश में जुटे
-देर रात तक दोनों का नहीं लग सका कोई सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जेएलएन नहर में बोहर गांव के पास सोमवार को बहकर आ रहे नारियल को निकालते समय यूपी के लखीमपुर खीरी के दो मजदूर डूब गए। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डूबे मजदूरों को गोताखोरों की मदद से तलाश करने का प्रयास किया, मगर उनका कोई पता नहीं लग सका।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के राजगढ़ निवासी 25 वर्षीय विनीत और 22 वर्षीय सोनू कई दिन से बोहर गांव में किसानों की धान लगाने के लिए आए हुए हैं। बताया कि सोमवार दोपहर एक बजे धान लगाने के लिए बोहर गांव में ही जेएलएन नहर के पास पहुंचे। धान लगाने से पहले दोनों नहर में बहकर आ रहे नारियल को निकालने का प्रयास करने लगे। इसी बीच नारियल निकालते समय दोनों नहर में जा गिरे। शोर शराबा सुनकर खेत में कार्य कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। दोनों को निकालने का प्रयास किया, मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। मामले की सूचना पाते ही अर्बन स्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दोनों मजदूरों को तलाश करने का प्रयास किया, मगर देर शाम तक दोनों का कोई पता नहीं लग सका। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को फिर से दोनों को गोताखोरों की मदद से तलाश करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि जेएलएन नहर में यूपी के राजगढ़ के दो मजदूर डूब गए थे। दोनों को गोताखोरों की मदद से तलाश कराने का प्रयास किया मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी है। प्रयास जारी है।
-----------
पूर्व में भी ऐसे मामले
जेएलएन नहर में लोगों के डूबने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व में दो माह पूर्व ही सिंहपुरा और टिटौली गांव के दो युवक नहाते समय नहर में डूब गए थे। बाद में नहर से दोनों के शव ही बरामद किए गए थे। इसके पूर्व बोहर गांव के पास ही महिला का शव नहर से बरामद किया गया था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। चार माह पूर्व युवक का शव मिला था, जिसे महिला के कपड़े पहनाएं हुए थे। आए दिन जेएलएन नहर में लोगों के डूबने तथा शव मिलने के मामले सामने आते रहते है। मगर इस तरह के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हालांकि पुलिस हर बार पीछे से ही शवों के बहकर आने का दावा करती है।
---
---