फ्लैग: जबरन शादी करवाने और देश को मेडल दिलाने के लिए खिलाड़ी ने की परिवार से बगावत
हेडिंग: नेशनल कबड्डी खिलाड़ी ने दर्ज करवाया पिता पर केस, डीजीपी ने दिए जांच के आदेश
- पिता पर लगाया जान से मारने की धमकी देने और मारपीट का आरोप, अधेड़ से पिता करवा रहा था शादी
शनि शर्मा
रोहतक।
कबड्डी में देश को पदक दिलाने का सपना देखने वाली राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी ने पिता के खिलाफ बगावत कर केस दर्ज कराया है। जबरन शादी करवाने के खिलाफ खिलाड़ी प्रीति ने पुलिस को शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर खिलाड़ी ने डीजीपी और मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी। डीजीपी के आदेश पर खिलाड़ी के पिता चावल व्यापारी राजेश के खिलाफ महिला थाने में जान से मारने की धमकी और मारपीट का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने खिलाड़ी के पिता को पूछताछ के लिए बुलाया है।
पानीपत के महावटी गांव की रहने वाली प्रीति रोहतक के झज्जर रोड स्थित वैश्य कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रही है। फिलहाल रोहतक में ही अपने रिश्तेदार के घर रहती है। वह नेशनल कबड्डी खिलाड़ी है। प्रीति का परिवार काफी समय से करनाल की सेठी कॉलोनी में रहता है। सितंबर 2017 में प्रीति को उसके पिता चावल व्यापारी राजेश जबरन रोहतक से करनाल ले गये। प्रीति का आरोप है कि उसका रिश्ता एक अधेड़ से करा दिया। विरोध करने पर परिजनों ने डरा धमकाकर कई दिनों तक घर में ही बंधक बनाकर रखा। किसी तरह से निकलकर वह रोहतक पहुंची। पुलिस को दी शिकायत में प्रीति ने आरोप लगाया कि उसके पिता जबरन उसकी शादी करवाना चाहते हैं। उसके खेल और पढ़ाई को बंद करवाने का भी दबाव डाला जा रहा है। अब पीड़िता का कहना है कि उसे हर समय पिता से जान का खतरा रहता है। वह गुपचुप तरीके से कॉलेज और खेल प्रैक्टिस के लिए जाती है।
मुख्यमंत्री और डीजीपी ऑफिस में लगाई थी गुहार
पिता की प्रताड़ना से तंग आकर खिलाड़ी ने स्थानीय पुलिस को भी शिकायत दी थी। लेकिन मामला पारिवारिक होने का बहाना बनाकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री और डीजीपी ऑफिस में शिकायत भेजकर पिता के खिलाफ कार्रवाई और खेल व पढ़ाई जारी रखने की मांग की थी। इतना ही नहीं खिलाड़ी ने महिला आयोग से भी गुहार लगाई थी। महिला थाने में 14 फरवरी डीजीपी की ओर से आदेश आया और बुधवार को केस दर्ज किया गया।
खेल से रोकने के लिए पिता ने मारी थी चोट
प्रीति का कहना है कि वह पढ़ाई और खेल के माध्यम से देश, प्रदेश और परिजनों का नाम रोशन करना चाहती है। सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी प्रीति का दावा है कि एक प्रतियोगिता के खेलने से रोकने के लिए उसके पिता ने उसके पैर में चोट मार दी थी। पढ़ाई को बहाना बनाकर खिलाड़ी परिजनों से अलग रोहतक रहकर पढ़ाई कर रही है।
वर्जन
कबड्डी खिलाड़ी प्रीति के बयान पर उसके पिता के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया है। खिलाड़ी के पिता को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच पड़ताल के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।
- महिला एएसआई नीलम, जांच अधिकारी