फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार दिन से नहीं मिला पानी तो पहले रोड जाम फिर राज्यमंत्री आवास पर की नारेबाजी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

रेवाड़ी।
चार दिन से पानी न मिलने से परेशान बावल के कनूका मोहल्ला के बाशिंदों का आखिर सब्र का बांध टूट गया। लोगों ने विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए पहले प्राणपुरा रोड जाम किया। इसके बाद अधिकारियों की नींद टूटी और मौके पर पहुंच जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन इस दौरान अधिकारियों को लोगों ने खूब खरीखोटी सुनाई। यही नहीं आश्वासन के बाद भी लोग संतुष्ट नहीं हुए और जन स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल के आवास पर नारेबाजी करने लगे। यहां भी उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला। सोमवार को मोहल्लावासियों द्वारा जाम लगाने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले मोहल्ले में दूषित पानी की ही सप्लाई होती थी, वो भी अब चार दिन से अनियमित है।
जानकारी मुताबिक कनूका मोहल्ले में चार दिन से पानी की किल्लत है। मोहल्ले में बिना पानी के लोगों को खासी परेशानी हो रही थी। इस संबंध में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में भी शिकायत दी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आखिर परेशान होकर मोहल्लावासियों ने सुबह प्राणपुरा रोड पर नया बस स्टैंड के पास जाम लगा दिया। जाम के कारण राजस्थान की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भारी परेशानी हुई।
विज्ञापन


यह है समस्या
दरअसल जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पानी की लाइन काफी पुरानी है। मोहल्ले में जा रही पाइप लाइन पर नगर पालिका की दुकानें भी बन गई हैं। ऐेसे में लाइन टूट भी गई। मोहल्लेवासियों ने कहा कि पहले तो लाइन टूटी होने से गंदा पानी मोहल्ले में आता था। लेकिन चार दिन से यह पानी भी नहीं आ रहा। इससे बहुत बड़ी समस्या पैदा हो गई है।

जाम लगा तो पहुंचे अधिकारी, सुनाई खरीखोटी
मोहल्लेवासियों के जाम की सूचना मिलते ही जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुनील कुमार रंगा, सहायक अभियंता राकेश और कनिष्ठ अभियंता महेश पुलिस के साथ पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचते ही लोगों ने उन्हें खूब खरीखोटी सुनाई। मोहल्लेवासियों ने कहा कि कई बार पानी के लिए शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में हम क्या करें। घरों में पीने के लिए पानी भी नहीं है।

यह मिला आश्वासन
मोहल्लेवासियों के विरोध के बाद जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि दो-तीन दिन में दूसरी लाइन से पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इस लाइन के टूटे होने के कारण समस्या है। वहीं जब तक पानी की सप्लाई सुचारु नहीं हो जाती तब तक टैंकरों से मोहल्ले में पानी की सप्लाई पहुंचाई जाएगी। इसके बाद मोहल्लेवासी प्रदर्शन करते हुए जन स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल के आवास पर भी पहुंचे। वहां भी अपनी समस्या को लेकर नारेबाजी की।
विज्ञापन


मोहल्ले में पानी की समस्या का समाधान दो-तीन दिन में करवा दिया जाएगा। जब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
-सुनील कुमार रंगा, एसडीओ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बावल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें